CM योगी ने जनजातीय समुदाय को सराहा, कहा-“मातृभूमि के प्रति त्याग, निष्ठा और वीरता का प्रेरणा स्रोत”

0

सीएम योगी आदित्यनाथ,

Share this news

लखनऊ,(वाइब्रेंट भारत न्यूज): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनजातीय समाज की गौरवपूर्ण संस्कृति और अपनी मातृभूमि के प्रति उनकी अपार निष्ठा की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने जनजातियों के भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव की शुरुआत की। यह उत्सव राज्य की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित संगीत नाटक अकादमी में 15 से 20 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारत के 22 राज्यों के साथ-साथ स्लोवाकिया और वियतनाम से भी कलाकार और उनकी टीम भाग ले रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि जनजातीय समुदाय मातृभूमि के प्रति त्याग, निष्ठा और वीरता का प्रेरणा स्रोत है। जनजातीय समाज न केवल भारत का मूल संप्रदाय है, बल्कि यह मातृभूमि के प्रति उच्च भाव से प्रेरित होकर देश की सेवा में सदैव तत्पर रहा है। जब देश पर विदेशी सत्ता का शिकंजा था, तब भगवान बिरसा मुंडा ने अपने समुदाय के अधिकारों की रक्षा और स्वाधीनता के लिए संघर्ष किया। उन्होंने 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को देशभर में सम्मान देने का महत्वपूर्ण कदम है।

जनजातीय गौरव दिवस उनकी कला का सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 2021 में बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के तौर पर मनाने की घोषणा की थी। इस उत्सव के माध्यम से देश और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आए जनजातीय समुदाय के लोग अपनी कला और परंपरा को प्रस्तुत करेंगे। 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद जनजातीय समुदाय की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी गई। योगी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में यह समाज विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed